कनिका के मामा सहित 35 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
(कानपुर नगर/VMN ) चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्लेबैक सिंगर कनिका कपूर के परिजनों को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई एवं (मामा) विपुल टंडन सहित 35 परिजनों का नमूना परीक्षण हेतु माइक्रोबायोलॉजी विभाग केजीएमयू लखनऊ भेजा है।ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कनिका के संपर्क में आए एक पड़ोसी में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
20 मार्च 2020 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कानपुर नगर को प्राप्त सूचना के आधार पर प्लेबैक सिंगर कनिका कपूर को जनपद लखनऊ में परीक्षण के दौरान संक्रमित पाया गया, जिलाधिकारी ब्रह्मदेव राम तिवारी ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी कानपुर नगर द्वारा डॉक्टर देव सिंह जिला महामारी वैज्ञानिक कानपुर नगर के निर्देशन में मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम को तत्काल निरोधात्मक कार्यवाही के लिए प्लेबैक सिंगर कनिका कपूर के परिजन (मामा) विपुल टंडन निवासी कल्पना टावर विष्णुपुरी कानपुर नगर भेजा गया। परिजनों ने बताया कि प्लेबैक सिंगर कनिका कपूर 9 मार्च 2020 को लंदन से मुंबई, 11 मार्च 2020 को मुंबई से लखनऊ और 13 मार्च 2020 को अपराह्न 1:30 से सायंकाल 4:30 तक कानपुर नगर में रहीं। गृह प्रवेश कार्यक्रम में भाग लिया था। इसमें प्लेबैक सिंगर कनिका कपूर ने परिवार के तीन सदस्यों पिता, माता, भाई के साथ कल्पना अपार्टमेंट में कार्यक्रम में मौजूद रही थीं।