(कानपुर नगर/VMN) कानपुर नगर में कोरोना संक्रमण के मामले विस्फोटक होते जा रहे हैं। सुबह से आई ताबड़तोड़ मेडिकल रिपोर्ट में 37 कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें से 25 मदरसा छात्रों की ही है।
शहर में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। एक साथ आए 37 मामलों के साथ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई। जहां सुबह आई रिपोर्ट में 6 मामले थे जो मीरपुर कैंट से 29 वर्षीय एक महिला, लाटूश रोड क्षेत्र से 26 वर्षीय एक महिला, अनवरगंज क्षेत्र से 33 वर्षीय एक पुरुष व कुली बाजार क्षेत्र से 3 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं जिसमें दो मदरसा छात्र व एक अन्य शामिल थे वहीं शाम होते-होते 31 और नए मामले पॉजिटिव पाए गए। इसमें सबसे ज्यादा 23 मदरसा छात्र हैं जिनकी कुल संख्या आज सुबह निकले दो को मिलाकर 25 हो गई है। ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि यह सभी तबलीगी जमात के संपर्क में रहे हैं। इसके अतिरिक्त 8 लोग रोशन नगर, बजरिया व कुली बाजार से है। इसमें एक एसपीओ कार्यालय का सिपाही भी है जिसकी कुली बाजार में ड्यूटी भी रही है। मीरपुर कैंट व बजरिया क्षेत्र के शौकत अली पार्क एरिया को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कानपुर नगर डॉ अशोक कुमार शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में 37 मामलों के साथ कुल कोरोना पॉजिटिव मामले 144 पहुंच गए हैं। इसके साथ ही अभी तक तीन लोगों की मृत्यु हो चुकी है वहीं 9 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। इस तरह से शहर में वर्तमान में एक्टिव मामलों की संख्या 132 है।