• अंतराष्ट्रीय प्रकाश दिवस पर बोले IIT दिल्ली के प्रोफेसर, दी इसरो की अन्य जानकारियां 

16 May 2020, Saturday
(लखनऊ/VMN) लखनऊ विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग में अन्तर्राष्ट्रीय प्रकाश दिवस 16 मई को मनाया गया। इसलिए दिवस की घोषणा यूनेस्को (UNESCO) ने वर्ष 2018 में की थी। दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि डॉ अनिल भारद्वाज, डायरेक्टर, फ़िज़िक्स रिसर्च लैबोरेटरी, अहमदाबाद, प्रोफ़ेसर केहर सिंह, भौतिक विज्ञान विभाग, आईआईटी, दिल्ली ने चंद्रयान 1 और 2 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि  2008 में चंद्रयान 1 ने 8 प्रयोग किए। अन्य देशों ने भी इस पर अपने प्रयोग किए। इसने उन सभी देशों को परिणाम डेटा प्रदान किया। तब से हमने मंगलयान और चंद्रयान 2 भेजे हैं और भारत 2013 में अपने पहले प्रयास में सफलतापूर्वक मंगल ग्रह पर परिक्रमा लगाने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। चंद्रयान 2 जो 2019 में लॉन्च किया गया था और तब से उत्कृष्ट डेटा भेज रहा है। शीघ्र ही हम सूर्य का अध्ययन करने के लिए ADITYA L1 लॉन्च करेंगे। भविष्य में इसरो अन्य ग्रहों का भी पता लगाने की योजना बना रहा है। इसके पश्चात व्याख्यान माला में प्रोफ़ेसर एनबी सिंह, गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रोफ़ेसर आरएम मेहरा, दिल्ली विश्वविद्यालय, प्रोफ़ेसर उषा मालवीय, पूर्व विभागाध्यक्ष, भौतिक विज्ञान विभाग, लखनऊ विश्वविद्याल्य ने छात्र-छात्राओं के समक्ष प्रकाश के विज्ञान के बहुत रुचिकर पहलुओं को उद्घाटित किया।

इस व्याख्यान माला की अगली कड़ी में डॉ एके श्रीवास्तव, मुख्यवैज्ञानिक, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान , डॉ नुज़हत एफ़ ज़ीलानी, वैनियर कॉलेज, कनाडा, और डॉ चंचल जौहरी, आयुर्वेदिक फ़िज़ीशियन ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित किया। याद दिला दें कि भारत के तमाम मंदिरों जैसे छाया मंदिर, वृहदेश्वर मंदिर और हम्पी मंदिर में प्रकाश के सिद्धांत को श्रंखला स्थापत्य कला द्वारा दर्शाया गया है। भौतिक विज्ञान विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय की विभागाध्यक्ष प्रोफ़ेसर पूनम टण्डन के मार्गदर्शन में यह संपूर्ण कार्यक्रम का संयोजन भौतिक विज्ञान विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय की प्रोफ़ेसर अंचल श्रीवास्तव (कन्वीनर) ने किया तथा इस कार्यक्रम के ऑरगनाईज़िंग सेक्रेटरी प्रोफ़ेसर राजेश शुक्ला थे। इस मौके पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक राय भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के पहले दिन मुख्य अतिथि प्रोफ़ेसर केके वर्मा, विभागाध्यक्ष, भौतिक विज्ञान विभाग, राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय, फ़ैज़ाबाद द्वारा उत्साहवर्धन के साथ सभी संकायों (विज्ञान, कला, वाणिज्य, वोकेशनल इत्यादि) के छात्र-छात्राओं के लिये कई प्रतियोगिताओं जैसे पोस्टर बनाना, छाया चित्र, लेखन, आशु भाषण आयोजित किये गये, जिसमें अनेक महाविद्यालयों एवं अनेक विश्वविद्यालयों जैसे आईआईटी, बीएचयू, कोलकाता विश्वविद्यालय, आदि स्थानों से छात्र-छात्राओं ने जोर-शोर से भाग लिया। कुल 614 प्रतिभागी ऑनलाइन शामिल रहे।