गैर जनपद से आये लोगों को ठहराया जायेगा और सेनेटाइज़ किया जायेगा 

(लखनऊ/VMN) गैर जनपद से आए लोगों को सकुशल अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने जनपद के हज हाउस, अवध शिल्पग्राम और इंदिरागांधी प्रतिष्ठान का अधिग्रहण किया ताकि गैर जनपद से आए हुए लोगों को एक स्थान पर रख कर उनके भोजन और पेय जल की समुचित व्यवस्था हो सके। 

      जिसके लिए आज मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम, जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश और पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय द्वारा उक्त अधिग्रहित स्थलों पर की जा रही व्यवस्थाओं के सत्यापन के लिए संयुक्त निरीक्षण किया गया। हज हाउस, अवध शिल्प ग्राम और इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में गैर जनपद से आए सभी लोगों को रखा गया है। उक्त स्थलों पर नगर निगम के द्वारा निरन्तर सेनिटाइज़ेशन का कार्य किया जा रहा है। साथ ही भोजन व पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था पाई गई। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा समस्त लोगों की स्क्रीनिंग भी कराई जा रही है। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया की यात्रियों के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था करा दी गई है और जनपद वार यात्रियों को उनके गंतव्य स्थानों के लिए रवाना किया जा रहा है। 

      जिलाधिकारी ने बताया कि तीनों स्थलों पर स्वास्थ विभाग के द्वारा लोगों की थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। साथ ही जिलाधिकारी ने हज हाउस में अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में साफ सफाई सुनिश्चित कराई जाए तथा समय समय पर सभी स्थलों में सेनिटाइज़ेशन कई कार्यवाही को भी सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा RTO को निर्देश दिए गए कि सभी स्थलों में पर्याप्त सँख्या में बसों को उपलब्ध कराया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रयोग किया जा सके। साथ ही समस्त अधिकारीगणों को निर्देश दिया गया कि किसी भी दशा में लोगो को भोजन और पेयजल की कमी न होने पाए।