OEF ने तैयार किया कोविड-19 के लिए क्वारेंटाइन टेंट
- 50 टेंट की पहली खेंप आंध्र प्रदेश रवाना
- रक्षा मंत्रालय के निर्देश पर तैयार किए टेंट
- डॉक्टर्स हेतु बनेंगे विशेष सर्जिकल कवर
- उपकरणों से युक्त विशेष टेंट होंगे तैयार
(कानपुर/VMN) कोविड-19 से मुकाबला करने के लिए आयुध उपस्कर निर्माणी (OEF) कानपुर ने एक विशेष प्रकार के टेंट (4 एम) का निर्माण किया है। इस टेंट को मरीजों को क्वारेंटाइन करने के लिए तैयार किया गया है। इसकी 50 टेंटों की पहली खेंप हिमाचल प्रदेश सरकार के लिए रवाना की गई है। इसके अतिरिक्त ओईएफ द्वारा डॉक्टर्स के लिए विशेष प्रकार के सर्जिकल कवर व टेंट मेडिकल 2m कोविड-19 का भी निर्माण किया जाएगा।
हिंदुस्तान में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए रक्षा मंत्रालय ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करना प्रारंभ कर दिया है। इसी क्रम में आंध्र प्रदेश सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा कोविड-19 के मरीजों को क्वारेंटाइन करने के लिए रक्षा मंत्रालय के माध्यम से कानपुर की आयुध उपस्कर निर्माणी (OEF) को 50 टेंटों को बनाने का ऑर्डर 1 अप्रैल को दिया था जिसको OEF ने 4 अप्रैल को तैयार कर आंध्र प्रदेश के लिए रवाना कर दिया। 50 टेंटों से लोड ट्रक को जीएम डीसी श्रीवास्तव द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जन सूचना अधिकारी नोमान हाफिज ने बताया कि आयुध उपस्कर निर्माणी डॉक्टर्स के लिए 35 हजार विशेष सर्जिकल कवर तैयार करने जा रहा है। इसके लिए इसका नमूना तैयार करके डीआरडीओ ग्वालियर पास होने के लिए भेजा गया। हरी झंडी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा और बहुत ही कम समय में इसको तैयार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही एक विशेष प्रकार का टेंट तैयार किया जाएगा जिसको टेंट मेडिकल 2 एम कोविड-19 नाम दिया गया है जिसमें आवश्यक उपकरण भी लगे होंगे। उन्होंने बताया कि इसमें 2 मरीजों को रखा जा सकेगा और यह सभी तरह के मौसम के अनुकूल है। इसको बनाने में महज 18 घंटे का समय लगा है। आंध्र प्रदेश ट्रक रवाना करते समय एडिशनल जीएम वीके चौधरी, जन सूचना अधिकारी नोमान हाफिज सहित अन्य लोग मौजूद थे।