Super food मिटायेगा भूख
- दिव्यांगजनों ने बनाया सुपर फ़ूड
- एक मिनट में बनकर होता है तैयार
- बच्चे भूल जायेंगे पास्ता, मैगी का स्वाद
3 May 2020, Sunday
Super food हमारी एनर्जी को भी बरकरार रखते हुए हमें स्वस्थ भी रखेगा जिसकी इस समय हमारे शरीर को अत्यधिक आवश्यकता है।
कोरोना महामारी की इस विषम परस्थिति में लाक डाउन का सदुपयोग करते हुए कुछ दिव्यांगजनों ने एक ऐसे सुपर फ़ूड का निर्माण किया है जिसे तेज भूख लगने पर एक मिनट में तैयार किया जा सकता है।
यह सुपर फ़ूड जिसे आम भाषा में मल्टीग्रेन सत्तू भी कह सकते हैं लेकिन यह आम सत्तू से बहुत ही अलग है। इसको जिन खाद्य पदार्थों को मिलाकर बनाया गया है वह न केवल हमारी भूख को 4 से 5 घंटे तक काबू में कर के रखेगा बल्कि हमें एनर्जी भी देगा और हमें स्वस्थ्य भी रखेगा। इसको बनाने के लिए मात्र एक मिनट का समय लगेगा। इसका स्वाद तो इतना लाज़वाब है कि आपको बाकि सारे फ़ास्ट फ़ूड के स्वाद को भूलने पर मजबूर कर देगा। बच्चों के लिए चॉकलेट फ्लेवर में इसका निर्माण किया गया है। इस सम्बन्ध में सन्यासी करुणामूर्ति बताते हैं कि स्नेह दिव्यांग आश्रम सेन पश्चिम पारा व राधा कृष्ण भक्ति मंदिर, गंगा बैराज, कानपुर के संयुक्त प्रयास से दिव्यांगों द्वारा इस सुपर फ़ूड का निर्माण किया गया है। इसे मात्र एक से दो मिनट में तैयार किया जा सकता है। इसमें जो अनाज इस्तेमाल किये गए हैं वह हमारे शरीर को मजबूती देंगे और कहीं न कहीं हमारे इम्यून सिस्टम को भी बूस्ट करेंगे। इसको जिन अनाजों के साथ मिलाकर बनाया गया है वो विटामिन और मिनरल्स से भरे हुए हैं। इसमें कार्बोहाइडेड की मात्रा कम है। बच्चे से लेकर बड़े तक सभी इसका सेवन कर सकते हैं। बताते चलें कि हाल ही में इसे कानपुर के जिलाधिकारी को भेंट किया है। इसी के साथ दिव्यांगजनों द्वारा बनाएं गए मास्क व 100 किलो दलिया भी कोरोना सेनानी के लिए भेंट किया गया। इस मौके पर योगेश अग्रवाल ,रिमझिम इस्पात,नरेंद्र शर्मा तिरंगा, प्रमोद टंडन, अमित झा आदि लोग मौजूद रहे।
इन अनाजों से बना है यह सुपर फ़ूड
अंकुरित चना, अंकुरित बाजरा, अंकुरित जौ, अंकुरित रागी (एक तरह का मोटा अनाज जिसे मड़ुआ भी कहा जाता है।), के साथ ही इसमें बादाम, मखाना और अलसी (इसमें ओमेगा 3 पाया जाता है) को मिलाकर बनाया गया है। बच्चों के लिए चॉकलेट फ्लेवर में है और शक़्कर का इस्तेमाल किया गया है ताकि दूध में मिलाकर दिया जा सके।