Thursday, September 10, 2026
spot_img
More

    Latest Posts

    कानपुर का नया ‘गोल्डन ग्रोथ कॉरिडोर’ बनेगी जरीब चौकी

    • ताज होटल से लगेंगे विकास को चार चांद
    • 2300 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं बदल देंगी पूरे इलाके की तकदीर
    • ROB, एलिवेटेड रोड, एयरपोर्ट जैसी झकरकटी बस टर्मिनल
    • हाईटेक रेलवे स्टेशन और कालपी रोड चौड़ीकरण
    • फजलगंज से गुमटी तक बनेगा शहर का सबसे प्रीमियम एड्रेस

    कानपुर/VMN(RAJAT SAXENA)। कानपुर के विकास का नया इतिहास अब जरीब चौकी के आसपास लिखा जा रहा है। जो इलाका कभी घंटों के ट्रैफिक जाम, संकरी सड़कों और अव्यवस्थित यातायात के लिए जाना जाता था, वही आने वाले वर्षों में शहर का सबसे आधुनिक, सबसे प्रीमियम और सबसे महंगा कॉरिडोर बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सरकारी और निजी क्षेत्र की 2300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं ने इस पूरे क्षेत्र की तकदीर बदलने की नींव रख दी है।

    इस बदलाव का सबसे बड़ा चेहरा होगा कालपी रोड पर बनने वाला लगभग 800 करोड़ रुपये का पांच सितारा ताज होटल, जिसके साथ जिंजर होटल, आधुनिक शॉपिंग मॉल और प्रीमियम कमर्शियल स्पेस विकसित किए जाएंगे। यही नहीं, इसी क्षेत्र में 320.60 करोड़ रुपये का जरीब चौकी रेलवे ओवरब्रिज (ROB), 988.30 करोड़ रुपये की एलिवेटेड रोड, जरीब चौकी से स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया तक कालपी रोड का चौड़ीकरण, अनवरगंज और गोविंदपुरी रेलवे स्टेशनों का विश्वस्तरीय पुनर्विकास तथा एयरपोर्ट की तर्ज पर बन रहा झकरकटी अंतरराज्यीय बस टर्मिनल इस पूरे इलाके को कानपुर का नया विकास केंद्र बना रहे हैं।
    ताज होटल बनेगा पूरे विकास का ब्रांड एंबेसडर
    देश के जिन शहरों में ताज होटल स्थापित हुए हैं, वहां केवल होटल नहीं बने, बल्कि पूरे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां बदल गईं। निवेश, कॉर्पोरेट कार्यालय, प्रीमियम आवास, बड़े शोरूम, आधुनिक रेस्टोरेंट और ब्रांडेड व्यवसायों ने आसपास के इलाकों को नई पहचान दी।
    कानपुर में भी ताज होटल के साथ बनने वाला जिंजर होटल और विशाल मॉल इसी परिवर्तन का आधार बनेंगे। यह परियोजना केवल आतिथ्य क्षेत्र को ही नहीं, बल्कि पूरे शहर की निवेश क्षमता को नई ऊंचाई देने वाली मानी जा रही है।
    सरकारी और निजी निवेश का सबसे बड़ा संगम
    जरीब चौकी के आसपास इस समय जितनी बड़ी परियोजनाएं एक साथ आकार ले रही हैं, वैसा दृश्य कानपुर ने शायद ही पहले देखा हो।
    ₹800 करोड़ का ताज होटल, जिंजर होटल और मॉल।
    ₹988.30 करोड़ की रामादेवी-गोल चौराहा एलिवेटेड रोड।
    ₹320.60 करोड़ का जरीब चौकी रेलवे ओवरब्रिज।
    जरीब चौकी से स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया तक कालपी रोड का चौड़ीकरण।
    एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित हो रहा झकरकटी बस टर्मिनल।
    अनवरगंज और गोविंदपुरी रेलवे स्टेशनों का आधुनिक पुनर्विकास।
    इन सभी परियोजनाओं का संयुक्त प्रभाव आने वाले वर्षों में इस पूरे क्षेत्र को उत्तर भारत के प्रमुख शहरी विकास केंद्रों में शामिल कर सकता है।
    एक किलोमीटर का दायरा बनेगा सबसे प्रीमियम जोन
    इन विकास परियोजनाओं का सबसे अधिक प्रभाव फजलगंज, कालपी रोड, दर्शन पुरवा, तेजाब मिल कैम्पस, हिमगिरि हाउस, सरोजिनी नगर, गुमटी, अफीम कोठी, गोल चौराहा, झकरकटी और आसपास के लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र पर पड़ने की संभावना है।
    रियल एस्टेट से जुड़े जानकारों का मानना है कि जब किसी क्षेत्र में फाइव स्टार होटल, एलिवेटेड रोड, आधुनिक रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट स्तर का बस टर्मिनल और चौड़ी सड़कें एक साथ विकसित होती हैं, तो वह इलाका निवेशकों की पहली पसंद बन जाता है। इसी कारण इस पूरे कॉरिडोर को लेकर बाजार में उत्साह बढ़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी होती हैं तो यहां संपत्तियों की मांग और कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
    जाम से ‘प्रीमियम एड्रेस’ तक का सफर
    कुछ वर्ष पहले तक लोग जरीब चौकी का नाम सुनते ही ट्रैफिक जाम की कल्पना करते थे। लेकिन आने वाले समय में यही क्षेत्र आधुनिक फ्लाईओवर, एलिवेटेड रोड, फाइव स्टार होटल, विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट जैसी बस टर्मिनल, चौड़ी कालपी रोड और आधुनिक व्यावसायिक परिसरों के कारण कानपुर की नई पहचान बनने की ओर अग्रसर है।
    सांसद रमेश अवस्थी की पहल से बदली तस्वीर
    कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से वर्षों से लंबित कई आधारभूत परियोजनाओं को गति मिली। जरीब चौकी ROB का शिलान्यास हो चुका है, एलिवेटेड रोड के लिए सीवर लाइन और विद्युत शिफ्टिंग का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि अन्य परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार के समन्वय से यह पूरा कॉरिडोर विकास की नई इबारत लिखता दिखाई दे रहा है।
    कानपुर का सबसे महंगा इलाका बनने की ओर
    शहरी विकास विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सभी घोषित परियोजनाएं निर्धारित समय पर पूरी होती हैं, तो जरीब चौकी और उसके आसपास का यह कॉरिडोर आने वाले वर्षों में कानपुर का सबसे आधुनिक, सबसे आकर्षक और सबसे मूल्यवान शहरी क्षेत्र बन सकता है। यहां होटल उद्योग, व्यापार, परिवहन, पर्यटन, रिटेल और रियल एस्टेट का ऐसा संगम विकसित होगा, जो पूरे शहर की आर्थिक दिशा बदलने की क्षमता रखता है।
    पांच सितारा ताज होटल इस परिवर्तन का चेहरा होगा, एलिवेटेड रोड इसकी रफ्तार होगी, ROB इसकी मजबूती बनेगा, एयरपोर्ट जैसी झकरकटी बस टर्मिनल और हाईटेक रेलवे स्टेशन इसकी पहचान होंगे, जबकि चौड़ी कालपी रोड इस पूरे कॉरिडोर को नई जीवनरेखा देगी। आने वाले वर्षों में जरीब चौकी केवल एक चौराहा नहीं, बल्कि आधुनिक, विकसित और समृद्ध कानपुर का नया प्रतीक बनकर उभर सकती है।

    Latest Posts

    spot_imgspot_img

    Don't Miss

    Stay in touch

    To be updated with all the latest news, offers and special announcements.