- कलेक्ट्रेट परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया
कानपुर नगर/ VMN। कलेक्ट्रेट परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के अमर बलिदानियों के संघर्ष, त्याग और समर्पण को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

समारोह में बच्चों के स्वास्थ्य और नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक वर्ष के भीतर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर अपने बच्चों का निर्धारित समस्त टीकाकरण कराने वाले 10 अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान नियमित टीकाकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उनके परिवारों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों और जीवन का बलिदान देने वाले सेनानियों की स्मृति और उनके परिवारों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है। समारोह में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण दिखाई दिया।



