- शीलिंग हाउस स्कूल में 9 से 11 अक्टूबर तक होगी CISCE की सातवीं राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता
कानपुर नगर/VMN। कानपुर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शतरंज खिलाड़ियों की मेजबानी के लिए तैयार है। शीलिंग हाउस स्कूल में सीआईएससीई की सातवीं राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ यूएई के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में करीब 450 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच आयोजित की जाएगी।
यह जानकारी शीलिंग हाउस स्कूल की प्रधानाचार्या वनीता मेहरोत्रा और उप प्रधानाचार्या अलका माली ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेताओं को एसजीएफआई (School Games Federation of India) में खेलने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार-झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक-गोवा, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नॉर्थ बंगाल-नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ इंडिया, नॉर्थ वेस्ट, ओडिशा, तमिलनाडु-पुडुचेरी-एएनआई, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा ओवरसीज श्रेणी में यूएई के खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इस अवसर पर शतरंज प्रशिक्षक हरिसरन रस्तोगी, खेल प्रशिक्षक अनिल शर्मा और विनोद गुप्ता भी मौजूद रहे।



