कानपुर नगर/ VMN। रोटरी क्लब ऑफ कानपुर के वर्ष 2026-27 के अधिष्ठापन समारोह में परम आराध्य आचार्य डॉ. पुंडरीक गोस्वामी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके सानिध्य में क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रो. गौरव कुमार तिवारी और उनकी नई टीम को दायित्व सौंपा जाएगा।

समारोह रविवार, 16 अगस्त को प्रातः 11 बजे सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम में कानपुर नगर के सांसद रमेश अवस्थी विशिष्ट अतिथि तथा रोटरी मंडल 3110 के मंडलाध्यक्ष रो. सी.ए. जसबीर सिंह भाटिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
84 वर्षों की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाएगी नई टीम
वर्ष 1943 में स्थापित रोटरी क्लब ऑफ कानपुर समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी 84 वर्षों की गौरवशाली सेवा यात्रा पूरी कर रहा है। क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सेवा कार्य किए जाते रहे हैं।
अधिष्ठापन समारोह में वर्ष 2025-26 के अध्यक्ष रो. गौरव अग्रवाल जैन से वर्ष 2026-27 के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रो. गौरव कुमार तिवारी को अध्यक्षीय दायित्व सौंपा जाएगा। इसके साथ ही नई कार्यकारिणी एवं निदेशक मंडल के पदाधिकारी भी शपथ ग्रहण करेंगे।
कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 के सचिव रो. संजय मेहरोत्रा तथा वर्ष 2026-27 के सचिव रो. जिमी भाटिया सहित क्लब के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
क्लब पदाधिकारियों के अनुसार, नई टीम रोटरी की सेवा भावना और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा कार्यों का विस्तार करने की दिशा में काम करेगी। समारोह के उपरांत अतिथियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है।



