Monday, September 21, 2026
spot_img
More

    Latest Posts

    300 किस्मों के आम में 3 किलो का “मोदी आम” और “बुल्डोजर आम” बना खास

    • 19 वर्षों से सांसद रमेश अवस्थी की पहल बनी शहर की पहचान
    • हजारों लोगों ने चखा आम का स्वाद
    • किसानों का हुआ सम्मान
    • अभिनेता रंजीत ने आम महोत्सव में बढ़ाई रौनक
    • सचिन अवस्थी ने जन्मदिन का कांटा केक, 

    कानपुर नगर /VMN(RAJAT SAXENA)। फलों के राजा आम की सैकड़ों किस्मों की महक, हजारों लोगों की उमड़ी भीड़, तीन किलो वजनी “मोदी आम”, चर्चित “बुल्डोजर आम”, फिल्म अभिनेता रंजीत की मौजूदगी और उत्कृष्ट आम उत्पादक किसानों के सम्मान के साथ मंगलवार को किदवई नगर स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के संस्कार मैदान में आयोजित आम महोत्सव शहर का सबसे चर्चित आयोजन बन गया। कानपुर लोकसभा के सांसद रमेश अवस्थी द्वारा पिछले 19 वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह महोत्सव अब केवल आमों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, कृषि परंपरा और शहर की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन चुका है।


    महोत्सव का उद्देश्य शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, व्यापारियों, समाजसेवियों और आम जनमानस को एक ही मंच पर लाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा लोगों को आम की सैकड़ों दुर्लभ प्रजातियों से परिचित कराना है। यही कारण है कि हर वर्ष हजारों लोग इस आयोजन का इंतजार करते हैं और पूरे परिवार के साथ इसमें शामिल होकर आम के विविध स्वाद, संस्कृति और भारतीय बागवानी की समृद्ध विरासत से रूबरू होते हैं।


    इस वर्ष महोत्सव में 300 से अधिक प्रजातियों के आम प्रदर्शित किए गए। दशहरी, लंगड़ा, चौसा, सफेदा सहित अनेक पारंपरिक और दुर्लभ किस्मों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया, लेकिन सबसे अधिक चर्चा करीब तीन किलो वजनी “मोदी आम” और “बुल्डोजर आम” की रही। विशाल आकार वाले मोदी आम के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़े आकार के बावजूद इसकी छोटी गुठली लोगों के बीच कौतूहल का विषय बनी रही, जबकि बुल्डोजर आम भी पूरे आयोजन में आकर्षण का केंद्र बना रहा।



    महोत्सव की रौनक उस समय और बढ़ गई जब फिल्म अभिनेता रंजीत कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के आमों का अवलोकन किया, स्थानीय आमों की गुणवत्ता की सराहना की और बड़ी संख्या में लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उनके साथ सांसद रमेश अवस्थी तथा पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल भी मौजूद रहे। अभिनेता के साथ सेल्फी लेने के लिए भी लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।


    आयोजन में पहुंचे हजारों लोगों ने विभिन्न किस्मों के आमों का भरपूर स्वाद लिया। आगंतुकों के लिए लगभग 70 क्विंटल आमों की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही आम रस, मैंगो शेक और आम से बने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन भी परोसे गए, जिनका लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। पूरे परिसर में आम की मिठास, सांस्कृतिक उल्लास और उत्सव का वातावरण छाया रहा।
    महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य किसानों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनकी उत्कृष्ट उपज को व्यापक पहचान दिलाना भी रहा। इस अवसर पर कानपुर देहात के कुलदीप सचान, कल्याणपुर के मनोज गर्ग, भीतरगांव के वीरेंद्र कुमार, घाटमपुर के एचबी सिंह, सीतापुर के देवेंद्र वर्मा तथा लखनऊ की नदीम नर्सरी सहित विभिन्न जनपदों से आए उत्कृष्ट आम उत्पादकों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि किसानों का सम्मान करना और उनकी उपज को देशभर में पहचान दिलाना इस महोत्सव की सबसे बड़ी उपलब्धि है। ऐसे आयोजन कृषि एवं बागवानी को नई दिशा देने के साथ किसानों का उत्साह भी बढ़ाते हैं।


    महोत्सव का एक आत्मीय और भावनात्मक क्षण उस समय आया, जब सांसद रमेश अवस्थी के पुत्र सचिन अवस्थी ने महोत्सव परिसर में अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने केक काटकर उपस्थित अतिथियों और शहरवासियों के साथ खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों और हजारों नागरिकों ने सचिन अवस्थी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस पल ने पूरे आयोजन को पारिवारिक आत्मीयता का भी स्पर्श दिया।


    कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, विधायक महेश त्रिवेदी, राहुल बच्चा सोनकर, सलिल विश्नोई, सरोज कुरील, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारी तथा शहर के हजारों नागरिक उपस्थित रहे।


    मुख्य आकर्षण
    सांसद रमेश अवस्थी द्वारा लगातार 19 वर्षों से आयोजित किया जा रहा आम महोत्सव।
    300 से अधिक प्रजातियों के आमों की भव्य प्रदर्शनी।
    3 किलो वजनी “मोदी आम” और “बुल्डोजर आम” बने सबसे बड़े आकर्षण।
    फिल्म अभिनेता रंजीत की मौजूदगी ने बढ़ाई आयोजन की रौनक।
    70 क्विंटल आम, आम रस, मैंगो शेक और आम से बने विभिन्न व्यंजनों का लोगों ने लिया आनंद।
    उत्कृष्ट आम उत्पादकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
    सांसद के पुत्र सचिन अवस्थी का जन्मदिन महोत्सव में मनाया गया, हजारों लोगों ने दी शुभकामनाएं।


     

    Latest Posts

    spot_imgspot_img

    Don't Miss

    Stay in touch

    To be updated with all the latest news, offers and special announcements.